फरीदाबाद , मार्च 13 -- हरियाणा सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिले के थाना छायंसा में तैनात उप-निरीक्षक प्रदीप को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छायंसा गांव निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि 13 फरवरी को उसके ताऊ के पुत्र की ईको कार की टक्कर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से हो गयी थी, जिसमें उन्हें मामूली चोटें आयीं। घटना के बाद दोनों पक्षों में लिखित राजीनामा भी हो गया था।

इसके बावजूद उप-निरीक्षक प्रदीप ने राजीनामा मानने से इनकार कर दिया और मामले में कार्रवाई न करने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की। शिकायत मिलने पर ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर थाना छायंसा स्थित कार्यालय में आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित