जयपुर , फरवरी 10 -- राजस्थान सरकार के बजट वर्ष-2024-25 की घोषणा की क्रियान्विति में पशुपालन विभाग की ओर से प्रदेश के समस्त जिलों में चरणबद्ध रूप् से पशु मेलों का आयोजन किया जा रहा है और इस महीने फरवरी में पांच जिलों पाली, जालौर, उदयपुर, जैसलमेर एवं सिरोही में जिला स्तरीय पशु मेले आयोजित किये जायेंगे।
पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके अलावा आगामी 28 नवंबर तक आठ राज्य स्तरीय पशु मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांडेराव में 13 से 17 फरवरी तक श्री निम्बेश्वर पशु मेला आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 15 से 19 फरवरी तक जालौर जिले के सायला में मां कात्यायनी देवी पशु मेला, 16 से 20 फरवरी तक उदयपुर के जूनावास, खेमली में आंजना माता पशु मेला, 24 से 28 फरवरी तक जैसलमेर के रामदेवरा में बाबा रामदेव पशु मेला आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि 25 फरवरी से एक मार्च तक सिरोही जिले की रेवदर तहसील के मंडार में भी लीलाधारी महादेव पशु मेला आयोजित किया जाएगा।
श्री कुमावत ने बताया कि इनके अलावा जिन स्थानों पर राज्य स्तरीय पशु मेले आयोजित होंगे उनमें 15 से 29 मार्च तक बालोतरा जिले के तिलवाड़ा में श्री मल्लीनाथ पशु मेला, 19 मार्च से दो अप्रैल तक नागौर जिले के मेड़ता सिटी में श्री बलदेव पशु मेला, 29 मई से 7 मई तक झालावाड़ जिले के झालरापाटन में श्री गोमती सागर पशु मेला आयोजित होगा। इसी तरह 28 अगस्त से 11 सितंबर तक डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर में श्री वीर तेजाजी पशु मेला, 28 अगस्त से 26 सितंबर तक हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी में श्री गोगामेड़ी पशु मेला, 15 से 25 अक्टूबर तक भरतपुर में श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला, 10 से 26 नवंबर तक अजमेर जिले के पुष्कर में श्री कार्तिक पशु मेला तथा 20 से 28 नवंबर तक झालावाड़ जिले के झालरापाटन में राज्य स्तरीय श्री चंद्रभागा पशु मेला आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित