चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- हरियाणा में हिसार जिले के गांव चूली बागड़ियान के फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम शनिवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 19 खिलाड़ी घायल हुये है जिसमें से सात की हालत गंभीर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खिलाड़ी आज सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के गांव हरिपुरा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टाटा मैजिक वाहन में रवाना हुए थे। रास्ते में फतेहाबाद जिले के गांव खाबड़ा के पास अचानक वाहन का टायर फटने से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित वाहन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर उसके बाद खेत में पलट गया।
हादसे के समय वाहन में कुल 19 खिलाड़ी सवार थे। गाड़ी पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत भट्टू सीएचसी ले जाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सात खिलाड़ियों बिल्लू, विजय, मुकेश, दिनेश, हिमांशु, क्षितिज और सुनील की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य 12 खिलाड़ियों रोहताश, अमन, साबू, छोटू, आशीष, कुलदीप, अनुज, पंकज, भीम सिंह, राघव, विकास और ज्ञानेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी खिलाड़ियों की आयु 15 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित