फतेहपुर , नवंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दबंगों की पिटाई से मजदूर की मृत्यु होने से गुस्साये परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुये शव सड़क पर रख कर जाम लगा दिया।
इस मामले में पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार हथगांम थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी दलित राजकुमार दो नवंबर को अपनी 5000 रुपये की मजदूरी मांगने गया था जहां दबंगों ने उसे पैसा ना देकर बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रुप से घायल राजकुमार को परिजन घर लेकर आए और उसका इलाज वही कर रहे थे।
चार नवंबर को दोपहर में अचानक उसकी तबीयत और खराब हुई तो परिजन उसे लेकर सादर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आक्रोशितों को समझा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं एसपी अनूप कुमार सिंह ने नाम जद और अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि दलित के हत्या में शामिल हत्यारोपियो को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित