फतेहपुर , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में मां-बेटा और देवर शामिल हैं। मां और बेटे का शव घर के भीतर जबकि देवर का शव घर के बाहर बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने सल्फास की डिब्बी भी बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र के चौफेरवा मोहल्ला निवासी सुशील श्रीवास्तव अपनी पत्नी सुशीला श्रीवास्तव (55), पुत्र अमर श्रीवास्तव (28) और छोटे भाई सुनील श्रीवास्तव (40) के साथ रहते थे। आज दोपहर सुशील किसी काम से खेत पर चले गए थे। देर शाम लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो भीतर सुशीला और अमर का शव पड़ा मिला, जबकि सुनील श्रीवास्तव अचेत अवस्था में मिला।

पुलिस ने सुनील को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित