फतेहपुर , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में 'सुप्रीम' नाम से संचालित एक नकली पाइप फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि हथगाम थाना क्षेत्र में जय नारायण सिंह डिग्री कॉलेज के पास एक व्यक्ति द्वारा सुप्रीम इंड्रस्टीज लिमिटेड के नाम से नकली पाइप बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। इसकी शिकायत मिलने पर कंपनी के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान कथित रूप से नकली पाइप बरामद किए गए।
इस संबंध में हथगाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरी ओर जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित