फतेहपुर , फरवरी 5 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार दोपहर ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कार सवार ससुर और दामाद की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पंजाब के लुधियाना जिले के सिरोली गांव निवासी राजकुमार शर्मा (50) अपने दामाद सतीश शर्मा (28) और बेटे मोहित (17) के साथ फतेहपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। असोथर थाना क्षेत्र के जरौली पंप कैनाल रोड पर उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से तेज टक्कर हो गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार और सतीश को मृत घोषित कर दिया। मोहित का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित