फतेहपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के राधानगर क्षेत्र में खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि क्षेत्र के बदनपुर गांव स्थित एक भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर राकेश शर्मा की छह वर्षीय बेटी शिवांशी और पांच वर्षीय बेटा सुंदरम मंगलवार शाम खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए। परिजन देर रात तक उनकी तलाश करते रहे। खोजबीन के दौरान पड़ोस में निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में दोनों बच्चों के शव तैरते मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को टैंक से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक रूप से मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इसी बीच मृतकों की मां ने आशंका जताते हुए पड़ोसी पर बच्चों को धक्का देकर टैंक में गिराने का आरोप लगाया है और तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित