फतेहपुर , फरवरी 18 -- फतेहपुर जिले में यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए एक 'मुन्ना भाई' को गिरफ्तार किया गया है। मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा शहर कोतवाली क्षेत्र में रामा अग्रहरी बालिका इंटर कॉलेज, राधा नगर में चल रही थी। परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी पर शक होने पर उसकी जांच कराई गई। जांच में पता चला कि वह दूसरे छात्र की जगह परीक्षा दे रहा था। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

डीआईओएस राकेश सिंह ने बताया कि संबंधित छात्र के विद्यालय के प्रधानाचार्य ने प्रवेश पत्र पर पहले से ही दूसरे व्यक्ति की फोटो लगवा दी थी, जिससे आसानी से नकल कराई जा सके। मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य, संबंधित छात्र सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

गिरफ्तार 'मुन्ना भाई' को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित