मुंबई , फरवरी 11 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को मुंबई की नयी महापौर रितु तावड़े और उप महापौर संजय घाड़ी को बृहन्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निर्विरोध चुने जाने पर बधाई दी।
मीडिया को संबोधित करते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान उनकी दृष्टि के अनुरूप नगर प्रशासन चलाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापौर, उपमहापौर और नगर पदाधिकारी मिलकर महानगर पालिका को विकास और कल्याण उन्मुख दिशा देने का काम करेंगे, ताकि आम मुंबईकरों की आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि महायुति की महागठबंधन सरकार नगर नेतृत्व को पूर्ण समर्थन देगी।
श्री फडणवीस ने कहा कि वह और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नयी टीम के पीछे मजबूती से खड़े रहेंगे और एक नयी और मजबूत मुंबई बनाने की दृष्टि को गति देंगे।
नवनिर्वाचित महापौर तावड़े को अनुभवी और पारदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने मुंबईकरों की समस्याओं को हल करने के लिए सक्रिय रूप से काम किया है। श्री फडणवीस ने कहा कि उपमहापौर के रूप में संजय घाड़ी का अनुभव भी मूल्यवान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित