फगवाड़ा , अप्रैल 07 -- पंजाब में कपूरथला जिले की पुलिस ने मंगलवार को पाकिस्तान समर्थित नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित इसके चार गुर्गों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बलविंदर सिंह निवासी पंडोरी मोहल्ला, सुल्तानपुर लोधी, सुमनप्रीत कौर निवासी गोहलवार, अमृतसर, हरपाल सिंह और जसकरणबीर सिंह दोनों निवासी गांव दाओके, अमृतसर के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी ग्रे रंग की मारुति बलेनो कार को भी जब्त कर लिया है, जिसमें वे यात्रा कर रहे थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस ड्रग तस्करी का संचालन पाकिस्तान और दुबई स्थित हैंडलर्स के इशारे पर किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि यह खेप अमृतसर सीमा क्षेत्र से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी चंडीगढ़ में की जानी थी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' (अगले-पिछली कड़ियों) को स्थापित करने हेतु आगे की जांच जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सदर फगवाड़ा की पुलिस टीमों द्वारा रणनीतिक जाल बिछाया गया था। उन्होंने कहा, "जब पुलिस ने संदिग्धों की बलेनो कार को रोका, तो आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस पार्टी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। तेज़ रफ़्तार से पीछा करने के बाद, पुलिस को वाहन को रोकने के लिए उसके टायरों पर गोलियां चलानी पड़ीं।"एसएसपी ने आगे बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना सदर फगवाड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित