नई दिल्ली , दिसंबर 19 -- एक रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है कि प्लास्टिक कंटेनर और इससे संबंधित अन्य सामग्रियों में रखे गये गर्म खाने-पीने की चीज़ों के सेवन के कारण लोगों के मानसिक स्वास्थ्य बुरा प्रभाव पड़ रहा है तथा सोचने-समझने की क्षमता कमजोर हो रही है।
यह खुलासा सैपियन लैब्स की ग्लोबल माइंड प्रोजेक्ट रैपिड रिपोर्ट 2025 में हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार प्लास्टिक कंटेनर में पैक किए गए खाने-पीने की चीज़ों के बार-बार सेवन या प्लास्टिक कंटेनर में गर्म खाना खाने से लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। यह नकारात्मक संबंध मानसिक कार्य के सभी जांचे गये आयामों में मौजूद था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया भर में खासकर युवा वर्ग में प्लास्टिक कंटेनर में पैक किए गए भोजन/पेय पदार्थों का बार-बार सेवन का प्रचलन होने के कारण मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। प्लास्टिक में पैक भोजन का बार-बार सेवन मानसिक विकार और ज्ञान संबंधी विकृत्तियों से जुड़ा हुआ है। जो लोग प्लास्टिक कंटेनर के खाना/पीना शायद ही कभी या कभी नहीं खाते थे, उनका औसत एमएचक्यू (माइंड हेल्थ कोशेंट) 79 था, जबकि रोज़ाना सेवन करने वालों का 54 था।
रिपोर्ट बताती है कि प्लास्टिक में पैक गर्म खाना खाने के मामले गिरावट और भी ज़्यादा है। इस मामले में यह औसत 74 (कभी-कभी/कभी नहीं) और 50 (रोजाना) है। इसका असर सिर्फ़ खाने की क्वालिटी तक ही सीमित नहीं है। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाने के सेवन को नियंत्रित करने के बाद भी प्लास्टिक के इस्तेमाल के साथ नकारात्म संबंध बना रहता है, जो सिर्फ़ खाये जाने वाले खाने के प्रकार के बजाय ज्ञान संबंधी कल्याण से सीधा संबंध दिखाता है। दिमागी सेहत और ज्ञान संबंधी कार्यप्रणाली के सभी पहलुओं पर असर पड़ता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रोजाना प्लास्टिक के इस्तेमाल का संबंध सभी छह एमएचक्यू आयाम, मूड और आउटलुक, ड्राइव और मोटिवेशन, कॉग्निशन, सोशल सेल्फ, अडैप्टेबिलिटी और रेज़िलिएंस, और माइंड-बॉडी कनेक्शन में गिरावट से है, जो कुल मिलाकर मानसिक कामकाज पर व्यापक असर को दर्शाता है। इससे युवा वयस्क सबसे ज़्यादा प्रभावित होते हैं। बार-बार इस्तेमाल सभी उम्र के लोगों में आम है, लेकिन 18-24 साल के लोगों में यह सबसे ज़्यादा होता है, जो अक्सर बाहर से मंगाये गये पदार्थों और चलते-फिरते खाने पर निर्भर रहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित