नयी दिल्ली , दिसम्बर 18 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना को प्रौद्योगिकी में निपुण, अभियानों के लिए फुर्तीली और आत्मविश्वास से लबरेज भविष्य की सेना बताते हुए कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों ने देश की ताकत और अभियान क्षमता का बखूबी से प्रदर्शन किया। श्री सिंह ने गुरुवार को यहां वायु सेना के शीर्ष कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमांडरों से ऑपरेशन सिंदूर से सबक लेते हुए भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की लड़ाई सिर्फ हथियारों की लड़ाई नहीं है, यह विचारों, प्रौद्योगिकी और जल्द से जल्द स्थिति के अनुरूप ढलने क्षमता की लड़ाई है। उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

रक्षा मंत्री ने कहा , " ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आर्म्ड फोर्सेज़ ने भारत की हाई-इम्पैक्ट, कम समय की ऑपरेशनल क्षमता दिखाई।" वायु सेना की सराहना करते हुए उन्होंने कहा यह, " टेक्नोलॉजी में एडवांस्ड, ऑपरेशन में फुर्तीली, स्ट्रेटेजिक रूप से कॉन्फिडेंट और भविष्य को ध्यान में रखने वाली फ़ोर्स है जो लगातार बदलती ग्लोबल व्यवस्था के बीच देश के हितों की रक्षा कर रही है। "श्री सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकवादी कैंपों को नष्ट करने और 'स्ट्राइक' के बाद पाकिस्तान की "गैर-ज़िम्मेदाराना प्रतिक्रिया" को असरदार तरीके से संभालने की हिम्मत, तेज़ी और सटीकता के लिए वायु सेना की तारीफ़ की। वायु रक्षा प्रणाली क्षमता में लोगों के भरोसे पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा, "आमतौर पर, जब दुश्मन हमला करता है, तो लोग छिप जाते हैं। लेकिन, जब पाकिस्तानी सेना ने भारतीय ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, तो भारत के लोग शांत रहे और अपने रोज़ाना के काम करते रहे। यह हमारी परिचालन तैयारियों में प्रत्येक भारतीय के भरोसे का प्रमाण है"। निर्णायक बढत बनाए रखने के लिए दुश्मन की आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं को अच्छी तरह से समझने के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कमांडरों से ऑपरेशन सिंदूर से सबक लेने और भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित