वाराणसी , जनवरी 20 -- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के पूर्व छात्र एवं केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर परिसर के निदेशक प्रो. रमाकान्त पाण्डेय को उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) द्वारा तीन वर्ष के लिए की गई है। यह नियुक्ति उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय अधिनियम, 2005 की धारा 12 की उपधारा (1) के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है।

जनसंपर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रो. रमाकान्त पाण्डेय एक प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वान एवं शिक्षाविद् हैं। उनका जन्म 2 फरवरी 1965 को हुआ था। उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से शास्त्री, आचार्य, एम.ए. (संस्कृत), पी-एच.डी. एवं डी.लिट्. जैसी उच्च शैक्षणिक उपाधियां प्राप्त की हैं।

प्रो. पाण्डेय के पास 31 वर्षों का अध्यापन अनुभव है, जिसमें 14 वर्षों से अधिक समय प्रोफेसर के रूप में सेवाएं देने का है। वे केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में संस्कृत प्रोफेसर के रूप में कार्यरत रहे तथा जयपुर परिसर के निदेशक पद को सुशोभित करते हुए अब कुलपति नियुक्त हुए हैं।

वे संस्कृत साहित्य, व्याकरण तथा संस्कृति पर शोध कार्य कर रहे हैं। उनके प्रकाशनों में 65 पुस्तकें, 150 शोधपत्र तथा 22 साहित्यिक लेख शामिल हैं। वे विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय संगोष्ठियों में विषय विशेषज्ञ के रूप में भाग लेते हैं तथा 57 से अधिक कार्यशालाओं का आयोजन कर चुके हैं। उन्हें 14 राज्यस्तरीय एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित