शिवपुरी , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की युवती के परिजनों द्वारा कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन पाल (26) के रूप में हुई है। घटना चंदोलिया क्षेत्र की है, जहां युवक बीती रात अपने एक साथी के साथ युवती को उसके घर के पास से लेकर जाने के उद्देश्य से पहुंचा था।
बताया गया है कि इसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई, जिन्होंने युवक को पकड़कर बंधक बना लिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने शव को नाले में फेंक दिया। आज सुबह शव नाले में पड़ा मिला, जिसके बाद कोलारस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने युवती के परिजनों सहित पांच व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित