ग्वालियर , मई 5 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने 'मोदी लोधी जोड़ो यात्रा' निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से लोधी समाज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से जोड़ा जाएगा।
पत्रकारों से चर्चा में विधायक लोधी ने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के मार्ग पर अग्रसर है और ऐसे समय में लोधी समाज के युवाओं को भी इस मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा निकालने के लिए वे पार्टी से औपचारिक अनुमति प्राप्त करेंगे।
उन्होंने समाज के युवाओं में नशे जैसी कुरीतियों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इससे उनकी क्षमता प्रभावित हो रही है और समाज के विकास में बाधा आ रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन कुरीतियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित