नयी दिल्ली , नवंबर 17 -- एसएस राजामौली की आगामी फिल्म 'वाराणसी' का टीजर दर्शकों के बीच खूब धूम मचा रहा है।
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर टीज़र का एक छोटा सा क्लिप साझा किया है, जिससे प्रशंसकों को राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म की एक क्षणिक लेकिन प्रभावशाली झलक मिलती है। इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में ग्लोबट्रॉटर के नाम से आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान इस फिल्म के शीर्षक का आधिकारिक तौर पर अनावरण किया गया। यहीं टीज़र को एक विशाल स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।
इस फुटेज में प्रशंसकों को रुद्र के रूप में महेश बाबू की पहली झलक देखने को मिली, जिसमें उन्हें एक बैल की सवारी करते हुए खून से सने त्रिशूल को पकड़े हुए दिखाया गया है।
प्रियंका चोपड़ा ने क्लिप साझा करते हुए कहा कि यह 'सिर्फ एक झलक है, फिर भी बहुत कुछ है।'शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में प्रियंका भी सुर्खियों में रहीं। वह एक शानदार लहंगा-साड़ी पहने हुए नजर आईं, जिसके साथ एक नेकलेस, माँग टीका, ब्रेसलेट और कमर पर बेल्ट ने उन्हें और आकर्षक बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित