रामनगर,23फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर प्रदेश भर के शिक्षक और कर्मचारी वर्ग में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में रामनगर स्थित उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद बोर्ड के मुख्यालय के बाहर शिक्षक एवं कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए विरोध जताया।

धरने पर बैठे नाराज शिक्षक-कर्मचारियों का आरोप है कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ उनके ही कार्यालय में विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में उनके समर्थकों द्वारा मारपीट की गई, जो अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है,प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना से पूरे उत्तराखंड के शिक्षक समुदाय में आक्रोश व्याप्त है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे शिक्षक-कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कार्य बहिष्कार जारी रखा जाएगा,उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी के अलावा शिक्षक और कर्मचारी किसी भी अन्य प्रशासनिक कार्य में सहयोग नहीं करेंगे,धरना दे रहे कर्मचारियों ने यह भी बताया कि बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी शिक्षक काला फीता लगाकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित