पटना, मार्च 25 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राज्य में हाल के दिनों में हुई बारिश, आंधी एवं आकाशीय बिजली से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की है।

डॉ. सुमन ने आज कहा कि बिहार सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है, लेकिन वर्तमान प्राकृतिक आपदा के मद्देनज़र राहत कार्यों में और तेजी लाने की आवश्यकता है। विशेष रूप से गेहूं और मक्का की फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

डॉ. सुमन ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर राहत एवं सहायता कार्यों को प्राथमिकता दें।उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि फसल बीमा योजना के तहत दावों के निष्पादन में तेजी लाई जाए, जिससे किसानों को समय पर सहायता मिल सके और वे पुनः खेती के लिए तैयार हो सकें।

मंत्री श्री सुमन ने कहा कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ,राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के साथ मिलकर किसानों के हित में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में समन्वित प्रयास जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित