अलवर , मार्च 30 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग -248 पर प्रस्तावित रेलवे पुल निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है।

सोमवार को रामगढ़ बचाओ समिति के नेतृत्व में नगर पालिका क्षेत्र के सेंकड़ों लोग उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शकारियों ने मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए रेलवे ओवरब्रिज के स्थान पर अंडरपास और कस्बे के बाहर बाईपास मार्ग बनाने की मांग की।

इससे पहले पूर्वाह्न करीब 11 बजे रामगढ़ और नौगांवा के दुकानदार, व्यापारी, किसान और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी एकत्रित होकर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। साथ ही रामगढ़ गुरुद्वारा समिति के प्रधान ने भी अलग से ज्ञापन प्रस्तुत करके अपनी चिंताएं व्यक्त की। ज्ञापन सौंपने के बाद लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देते हुए नारेबाजी की।

अधिवक्ता संदेश खंडेलवाल ने बताया कि रामनगर से निवाली तक सड़क के दोनों ओर चिन्हीकरण किया जा चुका है और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत केंद्र बिंदु से करीब 75 मीटर तक भूमि अधिग्रहण का प्रावधान लागू हो सकता है। इससे बड़ी संख्या में दुकानदारों, मकान मालिकों और व्यापारियों के प्रभावित होने की आशंका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रेलवे ओवरब्रिज के बजाय अंडरपास बनाया जाए तो बाजार और रिहायशी क्षेत्रों को नुकसान से बचाया जा सकता है। साथ ही बाईपास रोड बनने से भारी वाहनों का दबाव भी कस्बे से बाहर रहेगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और शहर का संतुलित विकास संभव हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित