खरगोन , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल में डिलेवरी के दौरान प्रसूता के पेट में सर्जिकल नैपकिन छूटने के मामले में जांच उपरांत डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर को निलंबित कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दौलत सिंह चौहान के अनुसार आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जिला अस्पताल खरगोन में पदस्थ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं इंदौर संभाग द्वारा नर्सिंग ऑफिसर दिव्या वर्मा को भी निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि 17 मार्च को खरगोन जिले की भीकनगांव तहसील के सेल्दा गांव निवासी 30 वर्षीय मनीषा घोरमाड़े की सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से प्रसूति कराई गई थी। 21 मार्च को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को लगातार पेट में दर्द बना रहा। बाद में 31 मार्च को एक निजी अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन किए जाने पर उसके पेट से सर्जिकल नैपकिन निकली, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।

घटना की शिकायत मिलने पर जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच में डॉ. मोहित गुप्ता और नर्सिंग ऑफिसर दिव्या वर्मा की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने जांच प्रतिवेदन अनुशंसा सहित उच्च अधिकारियों को भेजा, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित