पटना, फरवरी 10 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2025 बैच के अधिकारी प्रशिक्षुओं ने मंगलवार को अपने शीतकालीन अध्ययन दौरे (विंटर स्टडी टूर) के तहत बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की ओर से निर्मित पटना के प्रमुख विकास परियोजनाओं का भ्रमण किया।
एक दिवसीय दौरे की शुरुआत में बुडको के अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को पटना के शहरी विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने बुडको द्वारा संचालित तीन प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर उनके संचालन तंत्र को समझा। बुद्ध स्मृति पार्क में प्रशिक्षुओं ने न केवल इसके शांतिमय वातावरण, हरियाली और वास्तुशिल्प सुन्दरता को देखा, बल्कि इसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ पटना के एक आधुनिक शहरी सार्वजनिक स्थल के प्रबंधन के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
· सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), दीघा में भ्रमण के दौरान शहरी कचरे और सीवरेज के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं शोधन की पूरी प्रक्रिया को प्रशिक्षियों ने करीब से देखा। प्रशिक्षुओं ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में एसटीपी की महत्वपूर्ण भूमिका को समझा।
पटना स्मार्ट सिटी का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में प्रशिक्षु अधिकारियों को डिजिटल तकनीक द्वारा शहर के प्रबंधन की जानकारी दी गई। उन्होंने ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम, नाले के जल स्तर पर नजर रखने वाले स्काडा सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की कार्यशैली का प्रत्यक्ष अनुभव किया।
इस अध्ययन दौरे पर प्रशिक्षुओं ने इन परियोजनाओं के प्रभावी संचालन एवं कार्यशैली की सराहना व्यक्त की।प्रशिक्षु अधिकारियों में जसकरण सिंह, सतीश कुमार टेग्टा , सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, साई किरण एस, पंकज मनोहर पटले, अर्पित कुमार, अर्णव आनंद गुप्ता, सुश्री अंजू, अभिषेक शर्मा एवं रामभ्रोस सरण एवं बुडको और नमामी गंगे परियोजना के पदाधिकारी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित