पटना , दिसंबर 26 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शुक्रवार को जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं मानव व्यापार निषेध इकाई की ओर से संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न इलाकों में भीख मांगने वाले बच्चों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डाक बंगला चौराहा, एग्जीबिशन रोड, बुद्ध स्मृति पार्क, इस्कॉन मंदिर के पास और शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में संजय गांधी जैविक उद्यान और राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर के समीप अभियान चलाकर 20 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इस दौरान अपने बच्चों के सहारे भीख मांग रही चार महिलाओं को भी रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किये गये सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति, पटना के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर सात बालिकाओं को वृहद आश्रय गृह (बालिका) और छह बालकों को वृहद आश्रय गृह (बालक), बिहटा में आवासित कराया गया है। वहीं, चार महिलाओं और उनके बच्चों को मुख्यमंत्री भिक्षा निवारण योजना के तहत शांति कुटीर, पटना में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से भीख मंगवाना उनके सर्वांगीण विकास के लिये घातक है। इसी को ध्यान में रखते हुये प्रत्येक 15 दिन पर इस तरह का विशेष अभियान चलाया जायेगा, जिससे बच्चों की भीख मांगने की प्रवृत्ति और मानव तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित