नयी दिल्ली , अप्रैल 25 -- सरकार प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के सिलेंडरों की आपूर्ति बढाने के साथ-साथ उन्हें इसके बारे में जागरूक बनाने के लिए शिविर भी आयोजित कर रही है और अब तक 8770 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किये गये हैं।

इसके अलावा सिलेंडरों के दुरूपयोग को रोकने के लिए कोड से सत्यापन पर आधारित सिलेंडर डिलीवरी में 94.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई हैपश्चिम एशिया संकट के कारण विशेष रूप से ऊर्जा के क्षेत्र में उपजी स्थिति से निपटने तथा ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार निरंतर कदम उठा रही है। सरकार की ओर से शनिवार को बताया गया कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने पांच किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों के बारे में जानकारी देने के लिए 8770 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं और 3 अप्रैल से अब तक 1,38,000 से अधिक 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।

सरकार की ओर से कहा गया है कि मुंबई, कोच्चि, विजाग, चेन्नई और मथुरा की रिफाइनरियों ने 9 अप्रैल से अब तक रसायन और फार्मा उद्योग को 7000 टन से अधिक प्रोपलीन बेचा है।

पश्चिम एशिया क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है।

भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और जो पहले से ही ईरान में हैं, उनसे भारतीय दूतावास के सहयोग से भूमि सीमा मार्गों से निकलने का आग्रह किया गया हैतेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक भूमि सीमा मार्गों के माध्यम से 2,443 भारतीय नागरिकों को ईरान से बाहर निकालने में सहायता की है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, होर्मुज जलडमरूमध्य से संबंधित मौजूदा स्थिति के मद्देनजर, देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कदम उठा रहा है।

मंत्रालय ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी करने से बचें क्योंकि सरकार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। देशवासी अफवाहों से सावधान रहें और सही जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।

एलपीजी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और वितरकों के पास जाने से बचें। नागरिकों को वैकल्पिक ईंधन जैसे कि पीएनजी और इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकटॉप का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घरेलू एलपीजी, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (परिवहन) की 100 प्रतिशत आपूर्ति की जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित