जयपुर , दिसंबर 11 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल एवं केन्द्रीय एवं राज्य के मंत्रियों सहित कई गणमान्य लोग शरीक हुए।
जयपुर के सीतापुरा क्षेत्र में स्थित जेईसीसी में आयोजित हुए प्रवासी राजस्थानी दिवस के मौके पर पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा बुधवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें श्री शर्मा ने श्री बिरला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव और केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह, केंद्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्रियों ने शिरकत की।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक कलाकार पद्मश्री गुलाबो सपेरा और उनकी टीम ने अद्वितीय कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। उनके नृत्य ने प्रवासी राजस्थानियों के मन में अपनी मिट्टी की खुशबू और लोकनृत्य की परंपरा को पुनः जीवंत कर दिया। इसके साथ ही इंडियन आइडल फेम पीयूष पंवार ने भी अपनी सुरीली आवाज में प्रस्तुतियां दी।
सांस्कृतिक संध्या लोक संगीत और लोक नृत्य की विरासत को समर्पित रही, जिसमें गैर नृत्य की शक्तिशाली ताल और घूमती लाठियों का अद्भुत प्रदर्शन, घूमर के रंग-बिरंगे परिधानों और सौम्य मुद्राओं की मनोहारी छटा और लयबद्ध कालबेलिया नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी, उद्योग जगत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित