प्रयागराज , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रयागराज के गंगानगर जोन के थरवई थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ टीम ने झूंसी के हेतापट्टी मुख्य मार्ग स्थित भैयाराम पान भंडार के सामने, ग्राम फैजुल्लापुर से बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे अभियुक्त धीरेंद्र कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। वह थरवई थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर हेतापट्टी गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार धीरेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ चंदौली जिले के सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बताया गया कि अभियुक्त के पास एक कमर्शियल वाहन है, जिसे वह किराए पर चलाता था। आरोप है कि 4 अप्रैल 2025 को इसी वाहन से गौ तस्कर रूप चंद्र यादव द्वारा गोवंश पशुओं को बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था, जिसके संबंध में सैयदराजा थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

एसटीएफ के सीओ शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित