प्रयागराज , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 33 केवी विद्युत लाइन के करीब 200 मीटर तार काट लिए, जिससे दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। विद्युत विभाग की टीम ने रविवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल की।

घटना मेजा थाना क्षेत्र की मेजा रोड पुलिस चौकी के अंतर्गत जनवार गांव के पास की है। चोरों ने नाले से गुजर रही 33 केवी लाइन को निशाना बनाते हुए तार काटकर ले गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई और गांवों में अंधेरा छा गया।

सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और रातभर मरम्मत कार्य किया। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे आपूर्ति सुचारु कर दी गई।

जूनियर इंजीनियर प्रमोद यादव ने मेजा रोड चौकी में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी हरिओम सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। मरम्मत कार्य के दौरान विभाग के कर्मचारी भागीरथी, केसरी पटेल, अल्ताफ अली और सूरज सिंह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित