प्रयागराज , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करेली क्षेत्र में शुक्रवार को 25 हजार का इनामी बदमाश राशिद दुर्रानी को गिरफ्तार कर लिया। माफिया अशरफ के करीबी प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की हत्या से जुड़े इस मामले में राशिद दुर्रानी और उसके भाई आसिफ दुर्रानी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आठ अप्रैल को करेली के गौसपुर इलाके में जमीनी विवाद के चलते इरफान को गोली मारी गई थी, जिसकी इलाज के दौरान एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई थी।
मृतक के बेटे आमिर की तहरीर पर करेली थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें अतीक अहमद गैंग आईएस-227 से जुड़े आसिफ दुर्रानी, राशिद दुर्रानी समेत अन्य को नामजद किया गया। इससे पहले पुलिस रेकी करने वाले मोहम्मद हुसैन उर्फ प्लंबर और मोहम्मद वसीम उर्फ कबूतर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी आसिफ दुर्रानी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस सूत्रो के अनुसार जल्द ही आसिफ दुर्रानी को भी गिरफ्तार किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित