प्रयागराज , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली पर्व को लेकर इस बार कड़ी और बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है। जिले में कुल 4132 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जिनमें से 114 स्थलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन स्थलों को पूर्व वर्षों में हुए विवादों और घटनाओं के आधार पर चिन्हित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल तैनात रहेंगे। सभी थाना प्रभारियों को पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा आयोजन समितियों के संपर्क में रहकर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। शहर क्षेत्र में जॉर्जटाउन, खुल्दाबाद, लकड़मंडी, कोतवाली और मुट्ठीगंज को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके अतिरिक्त नवाबगंज, मऊआइमा, मांडा और करेली क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व फोर्स की तैनाती की जाएगी।
संवेदनशील थानों में क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) गठित की गई है, जिसमें दो उपनिरीक्षक और पांच कांस्टेबल शामिल हैं। इन टीमों को सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
शहर में लगे लगभग 1146 सर्विलांस कैमरों की लाइव फीड दो मार्च की शाम से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से मॉनिटर की जाएगी। इसके लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है और एक सहायक पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी को नोडल बनाया गया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की आशंका को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस तथा तीनों जोन की सोशल मीडिया सेल को विभिन्न प्लेटफॉर्म की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ सामग्री सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि पूर्व में माहौल बिगाड़ने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर नजर रखी जा रही है। त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित