प्रयागराज , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मऊआइमा इलाके में अज्ञात हमलावरों ने हिस्ट्रीशीटर की गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के जद्दोपुर गांव निवासी अफसार अहमद मंगलवार देर रात प्रयागराज प्रतापगढ़ हाईवे मार्ग से अपने घर जा रहा था। कंचनपुर गांव समीप अज्ञात हमलावरों ने उसको गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

हिस्ट्रीशीटर अफसार अहमद पर मऊआइमा, देल्हूपुर, मान्धाता समेत जिले के कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक ने 19 जनवरी 2024 की देर रात मरखामऊ निवासी हिस्ट्रीशीटर नसीम पुत्र मोहम्मद हनीफ का गांव की चाय की दुकान पर गोली मार दी थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमे लगा दी गई है जल्द ही पूरी हत्यारों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित