प्रयागराज , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव बाजार में गुरुवार दोपहर एक हार्डवेयर गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा। गोदाम घनी आबादी वाले इलाके में होने के कारण आसपास के लोगों में आग फैलने की आशंका से दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी कोरांव राकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम नगर पंचायत कोरांव निवासी आशीष का है, जो 'शिवम इंटरप्राइजेज' के नाम से हार्डवेयर का कारोबार करते हैं और पीवीसी पाइप के थोक व्यापारी हैं। चमनगंज मोहल्ले में स्थित इस गोदाम में रखा अधिकांश सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित