प्रयागराज , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नैनी स्थित सैम हिग्गिनबॉटम कॉलेज में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए कार्य बहिष्कार कर दिया और कई विभागों में तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले 26 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

कर्मचारी संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कॉलेज के सभी विभागों के कर्मचारी वेतन न मिलने से परेशान हैं। कई बार कॉलेज प्रशासन से शिकायत और मांग उठाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब छात्रों से नियमित रूप से फीस ली जा रही है तो कर्मचारियों को वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा और वह धन कहां जा रहा है।

कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा। वहीं, इस संबंध में कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित