प्रयागराज , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के ममफोर्डगंज इलाके में मंगलवार को सैन्य वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। पुलिस ने बताया कि त्रिपाठी चौराहे के पास आज सुबह कर्नलगंज निवासी कम्यूटर आपरेटर आस्था कुमारी (22) सेना के ट्रक की टक्कर से स्कूटी समेत फिसल कर गिर गयी और ट्रक का पहिया उनके सिर से गुजर गया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।
युवती के पिता शिवचरन और चाचा अजय ने बताया कि बेटी आस्था करीब 11 बजे घर से ऑफिस के लिए निकली थी। वह स्कूटी से आगे चल रही थी, तभी सेना का ट्रक पीछे से आया और युवती को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवती स्कूटी लेकर ट्रक के बाएं साइड से निकलने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान सामने एक कुत्ता आ गया। स्कूटी बेकाबू होकर फिसल गई। आस्था सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। उसका सिर कुचल गया।
उन्होंने बताया कि बेटी के एक महीने पहले ही संविदा पर एजी ऑफिस में नौकरी लगी थी। वह लॉ की भी पढ़ाई कर रही थी।सहायक पुलिस उपायुक्त कर्नलगंज राजीव यादव ने बताया ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों की ओर से जो भी तहरीर मिलेगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित