प्रयागराज , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी क्षेत्र में शनिवार सुबह कार की टक्कर से केंद्रीय आयुध डिपो (सीओडी) के कर्मचारियों की मौत हो गई। सुबह करीब पांच बजे दोनों कर्मचारी बाइक से रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से रॉन्ग साइड में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल कर्मचारियों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से मेजा दुबे पुर निवासी दिलीप कुमार नैनी चक बबुरा त्रिवेणी नगर में रहते थे। दिलीप कुमार कानपुर सीओडी में कार्यालय अधीक्षक के पद पर तैनात थे। शनिवार को अपने साथी राम आशीष शर्मा के साथ बाइक लेकर कानपुर जाने के लिए नैनी स्टेशन जा रहे थे। पुराने यमुना पुल पर सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित