प्रयागराज , मार्च 12 -- प्रयागराज में शिया समुदाय के लोगों ने इस वर्ष ईद पर्व पर पारंपरिक उत्सव न मनाने का निर्णय लिया है। समुदाय के लोगों का कहना है कि ईरान के सुप्रीम लीडर इमाम आयातुल्ला खामेनई की शहादत के चलते इस बार ईद सादगी और गम के माहौल में मनाई जाएगी। समुदाय के लोगों के अनुसार, ईद के अवसर पर नए कपड़े नहीं पहने जाएंगे और लोग पुराने कपड़ों में ही नमाज अदा करेंगे। नमाज के दौरान काली पट्टी बांधकर शोक व्यक्त करने की भी बात कही गई है। इसके साथ ही घरों में पारंपरिक रूप से बनने वाली सेवइयों सहित अन्य उत्सव से जुड़े आयोजन भी नहीं किए जाएंगे। महिलाओं द्वारा रंगीन कपड़े और नई चूड़ियां न खरीदने का भी निर्णय बताया गया है।
शहर के कई इलाकों जैसे रानीमंडी, दरियाबाद, करेली, बहादुरगंज, शाहगंज, मीरापुर और अतरसुइया सहित अन्य मोहल्लों में शिया समुदाय के लोग इस संबंध में बैठकें और मजलिस आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में दरगाह हजरत अब्बास पर भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और शोक व्यक्त किया। समुदाय के लोगों ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि ईद के अवसर पर धार्मिक स्थलों मस्जिदों और मदरसों में विशेष मजलिस और कार्यक्रम आयोजित कर शोक व्यक्त किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित