प्रयागराज , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र में रास्ते में एक किनारे खड़े ट्रक को हटाने को लेकर हुये विवाद में कार सवार लोगों ने ट्रक चालक और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में चालक का भाई गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में जिला पंचायत सदस्य समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके से एक युवक को पकड़ लिया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। होलागढ़ क्षेत्र की कस्तूरीपुर हरिकिशन रोड निवासी रामकैलाश ट्रक चलवाते हैं। बुधवार देर शाम को ट्रक से माल अनलोड करके वह घर आये थे। ट्रक काफी गंदा था। इसलिए कच्चे रास्ते पर ट्रक को खड़ाकर उसे धुलने लगा।

आरोप है कि इसी दौरान नीलेश मिश्रा उर्फ नीलू उर्फ शिवम मिश्रा निवासी पूरनपुर और रोहित पांडे निवासी गिरधरपुर गोंडवा चारपहिया वाहन से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने ट्रक हटाने को कहा, तो रामकैलाश ने किनारे से निकल जाने की बात कही। इस पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वे धमकी देते हुए वहां से चले गए। आधे घंटे बाद दोनों 6-7 चारपहिया वाहनों से अपने साथियों के साथ लौटे। सभी असलहे से लैस थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर रामकैलाश को पीटना शुरू कर दिया और उसे घर तक दौड़ाकर लाठी-डंडों व असलहों की बट से हमला किया।

शोर सुनकर गांव के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली चालक के बड़े भाई रामआसरे की ठुड्डी के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने से मौके पर अफरातफरी मच गई और ग्रामीण पीछे हट गए। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों को खदेड़ा, जिस पर वे भागने लगे।

इस दौरान हमलावरों का एक साथी चंदन पटेल अपनी क्रेटा कार लेकर खेत में घुस गया, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। कार से दो अवैध असलहे भी बरामद हुए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चंदन को हिरासत में लेकर दोनों असलहे कब्जे में ले लिए।रामकैलाश ने बताया कि आरोपियों में नीलेश, रोहित के अलावा शुभम मिश्रा, डब्बू उर्फ सुधीर, चंदन पटेल, अंशु मिश्रा और जय सिंह समेत सात-आठ अज्ञात लोग शामिल थे। रोहित पांडे जिला पंचायत सदस्य हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित