प्रयागराज , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में एक लॉज संचालक द्वारा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और उसकी मां पर ड्रिल मशीन से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ओपीएस नगर, राजरूपपुर निवासी आनंद जायसवाल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। उनकी मां नीलम जायसवाल ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाला लॉज संचालक पुरुषोत्तम पांडेय आए दिन विवाद करता है। दो दिन पूर्व भी उसने लापरवाही से वाहन चलाया था, जिससे मोहल्ले के बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई थी।

शनिवार को दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच आरोपी ने मकान के पीछे की ओर से दरवाजा खोलने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को चौकी ले जाकर समझौता कराया गया।

आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने दोबारा कार्य शुरू कर दिया। विरोध करने पर वह घर के अंदर से ड्रिल मशीन लाकर नीलम जायसवाल पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें बचाने आए आनंद जायसवाल तथा पड़ोसी अजीत केशरवानी पर भी हमला कर मारपीट की गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित