प्रयागराज , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र स्थित गींज गांव में मंगलवार सुबह लापता बालक का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर पानी से भरे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान संजय उर्फ कृष्णा के पुत्र राजाबाबू (6) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जाता है कि राजाबाबू सोमवार शाम करीब चार बजे घर से अचानक लापता हो गया था। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद बारा थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने भी खोजबीन शुरू कर दी थी।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव के कुछ बच्चे खेलते समय घर के पास स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंचे, जहां उन्हें पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। शव को बाहर निकालने पर उसकी पहचान राजाबाबू के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित