प्रयागराज , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण ले रहे 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्यूष राय का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उनके हॉस्टल कक्ष से बरामद किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्यूष राय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल में रहकर वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण ले रहे थे। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर साथियों को आशंका हुई। दरवाजा खटखटाने पर भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर इसकी सूचना परिसर प्रशासन को दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां प्रत्यूष अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित