प्रयागराज , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नए यमुना ब्रिज से एक युवक ने सोमवार दोपहर यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना करीब एक बजे की है, जब एक युवक ने नए यमुना ब्रिज से यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कीडगंज थाना पुलिस ने नाविकों और गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया।
मृतक की पहचान शुभम शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार शुभम की तबीयत लंबे समय से ठीक नहीं रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित