प्रयागराज , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि माही गांव में शुक्रवार सुबह संदीप कुमार (25) पुत्र राजेंद्र भारतीय, ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वह मूल रूप से चाका (थाना नैनी) का निवासी था और पिछले करीब पांच वर्षों से कर्मा क्षेत्र के उभारी गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा था।

बताया गया कि गुरुवार शाम वह अपने परिवार के साथ माही गांव स्थित अपने ननिहाल आया था। शुक्रवार सुबह वह घर से निकलकर गांव से करीब 200 मीटर दूर एक बाग में पहुंचा, जहां पीपल के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तो उसका शव बाग में पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित