प्रयागराज , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर गांव में एक युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दांदूपुर निवासी चंद्रबली का पुत्र जितेंद्र (26) ट्रैक्टर चालक था। रविवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिस पर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई। बताया गया कि इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक कमरे से कोई आवाज न आने पर परिजनों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जितेंद्र फंदे से लटका मिला। परिजन उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित