प्रयागराज , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में आरओबी से गिरकर हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लग रहे हैं।
आरोप है कि हादसे की सूचना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। खून अधिक बहने से उसकी मौत हो गई। मांडा थाना क्षेत्र के मोनाई गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार (25) सोमवार देर रात बाइक से बाजार डिघिया गए थे। वह रात करीब 9 बजे घर लौट रहे थे। घना कोहरा होने के कारण उनकी बाइक आरओबी पर बेकाबू होकर डिवाईडर से टकरा गई और आरओबी से नीचे गिरने से युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
राहगीरों ने सूचना पर डिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता सहित पीआरवी 112 पर दी। चौकी प्रभारी सहित पुलिस कर्मी तकरीबन डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने घंटों बाद घायल युवक को अस्पताल भेजा, लेकिन नाजुक दशा में देर रात युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे। सूचना पर पुलिस शव को लेने के लिये मृतक के घर पहुंची तो परिजन भड़क उठे और पुलिस को खाली हाथ लौटा दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बाद चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता सहित पुलिस डेढ़ घंटे बाद पहुंची। यदि तत्काल पुलिस पहुंचती और युवक को अस्पताल भेजती तो शायद जान बच जाती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित