प्रयागराज , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के घूरपुर क्षेत्र में शनिवार को एक महिला ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया। पुलिस ने बताया कि टिकरी गांव निवासी लीलावती (61) आज सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं। परिवार के लोगों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर इंतजार के बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। वृद्ध महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

परिवार के लोगों ने बताया कि महिला और उसके पति समर जीत के बीच पारिवारिक मतभेद को लेकर आए दिन कहासुनी होती रहती थी। इसी तनाव के चलते लीलावती मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। बताया गया कि घटना की रात पति समर जीत घर से करीब 50 मीटर दूर एक अन्य मकान में थे। परिजनों के अनुसार समर जीत अक्सर घर से बाहर ही रहते थे, जिससे घरेलू विवाद और बढ़ गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित