प्रयागराज, दिसंबर 11 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करछना ब्लॉक क्षेत्र में कूड़ा फेंकने गई एक बुजुर्ग महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। महिला का शव गुरुवार को तालाब में उतराता हुआ मिला। मृतक महिला की पहचान दिया गांव निवासी सुनीता देवी (65) पत्नी रामधनी विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह बुधवार सुबह करीब सात बजे घर से कूड़ा फेंकने के लिए पास के तालाब में गई थीं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
आज सुबह तालाब में शव उतराता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी करछना अनूप सरोज ने बताया कि महिला का पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गईं और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन महिला के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित