प्रयागराज , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के बहादुरपुर क्षेत्र के चकिया घराहरा गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई।
अधिकृत सूत्रों ने बताया कि 60 वर्षीय किसान संग्राम सिंह की बिजली गिरने से मौत हो गयी जबकि उनका बड़ा बेटा ज्ञानचंद यादव (35) गंभीर रूप से घायल हुआ। इसके अलावा दो गायों की भी जान चली गई। हादसा उनके घर के पास हुआ, जब अचानक तेज बादलों के बीच बिजली गिरी और किसान इसके चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल ज्ञानचंद यादव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना छोटे बेटे अमरेंद्र यादव ने थाना सरायइनायत को दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँच कर जांच शुरू कर दी है। जिला पंचायत सदस्य मनीष पासी, ग्राम प्रधान सूरज मिश्रा और अन्य स्थानीय लोग भी घटना स्थल पर मौजूद रहे। प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित