प्रयागराज , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कमिश्नरेट पुलिस की साइबर यूनिट ने फर्जी वेबसाइट बनाकर मार्कशीट और डिग्री बेचने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी राशिद और बागपत निवासी समीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह यूपी बोर्ड और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर नकली मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करता था। आरोपी खुद ही इन दस्तावेजों को अपनी बनाई वेबसाइट पर अपलोड कर उनका वेरिफिकेशन भी दिखा देते थे, जिससे लोग इसे असली समझ लेते थे। गिरोह मार्कशीट में नंबर बढ़ाने और फर्जी डिग्री बनाकर कूरियर के जरिए भेजता था तथा पहले ही ऑनलाइन भुगतान लेता था।
आईपीएस राजकुमार मीणा के नेतृत्व में साइबर टीम मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अब तक इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किन लोगों ने नौकरी हासिल की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित