प्रयागराज , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करेली क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस आयुक्त सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने सोमवार को बताया कि हत्या के बाद से फरार चल रहे आशिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद दुर्रानी की गिरफ्तारी के लिए यह इनाम घोषित किया गया है। दोनों की सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले को निर्धारित इनाम राशि दी जाएगी।

गौरतलब है कि दो दिन पहले जमीन विवाद को लेकर इरफान गद्दी की सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी आशिफ दुर्रानी और राशिद दुर्रानी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की गई हैं। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम भी लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित