प्रयागराज , फरवरी 5 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' की पत्नी एवं पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता को फेसबुक पर धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक फेसबुक आईडी से उनकी पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर अप्रत्यक्ष रूप से धमकाया गया। सोशल मीडिया प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पानदरीबा कोतवाली क्षेत्र निवासी पूनम अग्रवाल ने दी गई शिकायत में बताया कि वह पूर्व महापौर की मीडिया/सोशल मीडिया प्रभारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि "शैलेश श्रीवास्तव" नाम की आईडी से लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। एक टिप्पणी में मंत्री नंदी के संदर्भ में आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण शब्द लिखे गए। संबंधित आईडी की प्रोफाइल लॉक बताई गई है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2010 में मंत्री नंदी पर आरडीएक्स से जानलेवा हमला हो चुका है और उस मामले की सुनवाई अंतिम चरण में है। ऐसे में की गई टिप्पणी को गंभीर बताते हुए साजिश की आशंका जताई गई है। पुलिस आयुक्त मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित आईडी की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित