प्रयागराज, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और शव को छोड़कर फरार हो गया।, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।

वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के सामने छह साल के पुत्र ने बताया, " पापा रात में मम्मी का गला दबा रहे थे। मैं जगा तो मुझे डांटकर सो जाने को कहा।" महिला की पहचान संगीता देवी (32) के रूप में हुई है। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

यहां के सराय इनायत थाना क्षेत्र के गांव पट्टीछीट में शैलेश कुमार पत्नी संगीता के साथ रहता था। दोनों की 13 साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बेटे शिवम (12 ) और सिद्धार्थ (छह ) हैं। संगीता देवी फूलपुर के शेखपुर मोहल्ले की रहने वाली थी और तीन बहनों में सबसे छोटी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ा तो पति ने पहले पत्नी का गला दबाया। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। कमरे में चारों ओर खून के छींटे बिखर गए। मम्मी-पापा की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे बच्चे जाग गए। बच्चों ने देखा कि पापा मम्मी का गला दबा रहे थे। दोनों बच्चे चिल्लाए तो पिता ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया और सुला दिया।बुधवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसन अनुपमा राव खेत में काम के लिए संगीता को बुलाने पहुंची। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई बाहर नहीं निकला। कुछ देर बाद बच्चे रोते-चिल्लाते हुए घर से बाहर आए। अनुपमा अंदर गईं तो देखा संगीता जमीन पर पड़ी थी। उसके सिर पर चोट के निशान थे और जीभ बाहर निकली थी।शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही 112 पुलिस और सराय इनायत थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस आयुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत ने बताया पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति शैलेश कुमार के खिलाफ सराय इनायत थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित